रहमत नगर में खत्म हुआ पानी का इंतजार, ग्रामीणों ने जताया आभार

Reena Sharma
1 Min Read

धनबाद के निरसा स्थित शिवलीबाड़ी उत्तर पंचायत के रहमत नगर में लंबे इंतजार के बाद जलापूर्ति शुरू होने से ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे। मंगलवार को ईमामबाड़ा के पास आभार समारोह आयोजित कर लोगों ने जिला परिषद सदस्य गुलाम कुरैशी के प्रति आभार जताया।

समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष शामिल हुए। पूर्व मुखिया मोहम्मद सनोवर ने कहा कि पानी के लिए ग्रामीणों को काफी दूर जाना पड़ता था। जलापूर्ति शुरू होने से अब लोगों को इस समस्या से राहत मिली है।

जिप सदस्य गुलाम कुरैशी ने कहा कि रहमत नगर में पानी पहुंचाने का वादा किया था, जिसे पूरा किया गया है। उन्होंने बताया कि अब अली मोहल्ला में भी पानी पहुंचाने की पहल की जा रही है। योजना की स्वीकृत राशि 4.11 लाख रुपये थी, जबकि इसे पूरा करने में करीब 10 से 12 लाख रुपये खर्च हुए।

जलापूर्ति योजना का उद्घाटन नारियल फोड़कर किया गया और ग्रामीणों ने गुलाम कुरैशी को माला पहनाकर सम्मानित किया। लोगों ने पानी की सुविधा मिलने पर खुशी जताते हुए उम्मीद की कि क्षेत्र की अन्य मूलभूत समस्याओं का भी जल्द समाधान होगा।

Share This Article