5 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म पर उबाल, पालोजोरी-दुमका मार्ग 2 घंटे जाम

Reena Sharma
2 Min Read

देवघर के पालोजोरी थाना क्षेत्र के एक गांव में 5 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले के बाद आदिवासी समाज और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग को लेकर लोगों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और पारंपरिक वेशभूषा में मार्च निकालते हुए पालोजोरी-दुमका मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।

सिदो-कान्हू चौक पर करीब दो घंटे तक वाहनों का आवागमन बाधित रहा। प्रदर्शनकारी पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना पर सीओ पार्थ नंदन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया।

परिजनों के अनुसार, आरोपी अजीत मंडल ने बच्ची को बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपी के खिलाफ बीएनएस व पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

पहाड़ रक्षा मंच, पालोजोरी और विभिन्न छात्र-आदिवासी संगठनों ने मुख्यमंत्री के नाम प्रशासन को सात सूत्री मांग-पत्र सौंपा। इसमें पीड़िता को एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, सुरक्षा और मामले की फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की मांग शामिल है।

प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने और जांच में किसी भी तरह की लापरवाही होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संगठनों ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द अमल नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।

Share This Article