डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया : भोपाल के छोला थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी इलाके से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक घर के भीतर एक ही परिवार के चार सदस्यों के खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में कोहराम मच गया। शुरुआती तफ्तीश में सामने आया है कि इन सभी की गला रेतकर बेरहमी से हत्या की गई है। वहीं इस भयावह घटना के ठीक बाद परिवार के मुखिया का शव भी शहर के दूसरे छोर पर स्थित रेलवे ट्रैक से बरामद किया गया है। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को बेहद उलझा हुआ मानकर हर संभावित पहलू से जांच में जुट गई है।
घर के भीतर मिला मां, पत्नी और मासूमों का शव
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान नरेंद्र साहू (35), उनकी मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के रूप में हुई है। इनमें से नरेंद्र साहू का शव जहां सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत चोपड़ा कलां के पास रेलवे ट्रैक पर मिला, वहीं उसके घर के अंदर उसकी मां, पत्नी और दोनों मासूम बच्चों के शव लहूलुहान हालत में मिले।
हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका
प्रारंभिक पुलिस जांच और घटनास्थल के हालातों को देखकर यह अंदेशा जताया जा रहा है कि परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू ने ही पहले किसी धारदार हथियार से अपने ही परिवार के चार सदस्यों मां, पत्नी और दोनों बच्चों का गला रेतकर उनकी जान ले ली। इसके बाद वह खुद रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और ट्रेन के आगे आकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
जांच में जुटी पुलिस, वजह अब भी राज
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को सील कर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हंसते-खेलते परिवार में अचानक ऐसा क्या हुआ कि मुखिया ने इतना खौफनाक कदम उठा लिया। पुलिस का कहना है कि हत्या और आत्महत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही इस पूरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझ सकेगी।

