वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की भाजपा के खिलाफ कथित धर्म विरोधी, जातिवादी और आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिले के विभिन्न मंडलों में पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर बयान पर आक्रोश जताया।
विकास के मुद्दों पर जवाब मांगा
भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार सिंह ने कहा कि वित्त मंत्री को राज्य के विकास, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जनहित के मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मुद्दों के बजाय राजनीतिक बयानबाजी की जा रही है।
सरकार पर लगाए सवालों से बचने के आरोप
भाजपा जिलाध्यक्ष अमित तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के आरोपों और जनसमस्याओं को लेकर सवालों के घेरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए ऐसे बयान दिए जा रहे हैं।
बयान स्पष्ट करने की मांग
प्रेम सिंह ने वित्त मंत्री के बयान की निंदा करते हुए उनसे अपना बयान स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा जनहित और विकास के मुद्दों पर सरकार से सवाल करती रहेगी।
जातिगत टिप्पणी पर जताई आपत्ति
पूर्व सांसद मनोज कुमार और प्रभात कुमार ने भी वित्त मंत्री के बयान पर आपत्ति जताई। नेताओं ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन जाति के आधार पर किसी दल या उसके कार्यकर्ताओं को निशाना बनाना उचित नहीं है।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
पुतला दहन कार्यक्रम में नरेंद्र पाण्डेय, विजयानंद पाठक, अविनाश वर्मा, विजय ठाकुर, अजय सिंह, रूपा सिंह, विपुल गुप्ता, जितेंद्र तिवारी, आशीष भारद्वाज, मनोज विश्वकर्मा, प्रियरंजन शर्मा, श्रवण गुप्ता, सुनील पाण्डेय, शुभम गुप्ता, श्वेतांक गर्ग, राकेश पाण्डेय समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

