राजकीय शोक में DJ पर रोक, सादगी से कार्यक्रम की मिली अनुमति
मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद राज्य में दो दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की गई थी। इसके मद्देनजर पुलिस और जिला प्रशासन ने धनबाद के गोल्फ ग्राउंड पहुंचकर केल्विन आर्यन के पब्लिक मीट कार्यक्रम में DJ और अन्य ध्वनि उपकरण नहीं बजाने का निर्देश दिया था। प्रशासन ने राजकीय शोक को देखते हुए कार्यक्रम सादगी से आयोजित करने की अनुमति दी थी। इसके बावजूद कार्यक्रम में झारखंड के अलावा दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
भीड़ बढ़ी तो बिगड़े हालात, स्टेज और पंडाल में तोड़फोड़
कार्यक्रम शुरू होने के बाद जैसे-जैसे भीड़ बढ़ती गई, स्थिति बेकाबू होती चली गई। अचानक भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया और देखते ही देखते लोग एक-दूसरे से मारपीट करने लगे। भीड़ स्टेज तक पहुंच गई और पंडाल में भी तोड़फोड़ की गई। अफरा-तफरी के बीच कई लोगों के घायल होने की सूचना है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन हालात बिगड़ने पर स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस ने हस्तक्षेप कर कार्यक्रम कराया बंद
हंगामा और मारपीट बढ़ने के बाद पुलिस ने हस्तक्षेप किया और कार्यक्रम को बंद करा दिया। घटना के बाद आयोजकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। इतनी बड़ी भीड़ के पहुंचने की जानकारी के बावजूद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए और मौके पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती क्यों नहीं थी, इसे लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। राजकीय शोक के दौरान प्रशासन के निर्देशों के बावजूद कार्यक्रम में भारी भीड़ जुटने के बाद उत्पन्न स्थिति ने आयोजन की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

