पलामू पुलिस ने महिलाओं और वृद्धजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर घरेलू प्रताड़ना से जुड़े मामलों की समीक्षा कर पीड़ितों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया गया।
38 मामलों में घर-घर पहुंची पुलिस
छतरपुर अनुमंडल में एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में पूर्व में समझौता कराए गए 38 मामलों का भौतिक सत्यापन किया गया। जांच के दौरान सभी संबंधित व्यक्तियों की स्थिति सामान्य और संतोषजनक पाई गई।
थाना स्तर पर बनाया गया विशेष रजिस्टर
घरेलू प्रताड़ना की शिकार महिलाओं और वृद्धजनों से जुड़े मामलों का नियमित संधारण करने के लिए सभी थानों में विशेष रजिस्टर खोला गया था। पिछले दो महीनों के मामलों की स्थिति की समीक्षा की गई।
कई पुलिस पदाधिकारी अभियान में शामिल
अभियान में पुलिस निरीक्षक द्वारिका राम, महिला थाना प्रभारी रूपा बखला समेत छतरपुर, हरिहरगंज, नौडीहा बाजार और पीपरा थाना प्रभारी शामिल रहे।
समझौते के बाद भी सुरक्षा पर जोर
पलामू पुलिस ने स्पष्ट किया कि उसकी जिम्मेदारी केवल समझौता कराने तक सीमित नहीं है। पीड़ितों की सुरक्षा, सम्मान और कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के लिए आगे भी निगरानी जारी रहेगी।

