घर में छिपाकर रखा था चोरी का सामान
नौडीहा बाजार। पलामू जिले के नौडीहा बाजार पुलिस ने सरकारी कार्यालयों और संस्थानों में चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नामुदाग निवासी अवधेश कुमार भुइयाँ के घर छापेमारी कर 13 प्रिंटर, लैपटॉप, CPU, कंप्यूटर, इन्वर्टर, बैटरी, होम थिएटर, लेमिनेशन मशीन समेत भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है। बरामद सामान को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
ब्लॉक से स्कूल और पंचायत सचिवालय तक चोरी का खुलासा
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने ब्लॉक, स्कूल, पंचायत सचिवालय और अन्य सरकारी संस्थानों में चोरी करने की बात स्वीकार की है। छतरपुर प्रखंड कार्यालय, विद्युत कार्यालय, पाटन प्रखंड कार्यालय, नौडीहा बाजार प्रखंड, नावाटांड़ पंचायत सचिवालय और नामुदाग हाई स्कूल समेत कई स्थानों से चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस ने मामले में अवधेश कुमार भुइयाँ और उसके साला अमोद भुइयाँ को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर अन्य स्थानों से भी चोरी का सामान बरामद किया गया है।
थाना कांड संख्या 83/2026 में जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में नौडीहा बाजार थाना कांड संख्या 83/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं और इसमें शामिल लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और बरामद सामान के स्रोत एवं चोरी की अन्य वारदातों से कनेक्शन की भी पड़ताल की जा रही है।

