शिक्षा से स्वास्थ्य तक योजनाओं का लिया जायजा
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने सोमवार को झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (JRDA) के तहत बेलगड़िया टाउनशिप क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुनर्वासित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही बुनियादी नागरिक सुविधाओं और निर्माण कार्यों की धरातलीय स्थिति का जायजा लिया। मेगा स्किल सेंटर, प्राथमिक व माध्यमिक विद्यालयों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर निर्माण कार्य जल्द पूरा कर उन्हें संचालन योग्य बनाने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुविधाओं की जांच
निरीक्षण के दौरान हेल्थ सब-सेंटर में दवाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जांच की गई। अधिकारियों ने क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई और फॉगिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही पुनर्वासित परिवारों के आवासों की मरम्मत, सड़क निर्माण, स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन तथा निर्बाध पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।
जल संरक्षण पर भी प्रशासन का जोर
बेलगड़िया टाउनशिप में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए तालाबों के जीर्णोद्धार कार्य की प्रगति भी देखी गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को कार्यों में तेजी लाने के साथ यह सुनिश्चित करने को कहा कि योजनाओं का लाभ पुनर्वासित परिवारों तक प्रभावी तरीके से पहुंचे। टाउनशिप में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
तय समय में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने का निर्देश
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कार्यदायी एजेंसियों और संबंधित पदाधिकारियों को सभी योजनाओं में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भू-धंसान एवं अग्नि प्रभावित क्षेत्रों से विस्थापित होकर आए परिवारों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

