धनबाद कोयलांचल में CISF का बड़ा एक्शन, 15 संवेदनशील इलाकों में सघन जांच से मचा हड़कंप

Reena Sharma
4 Min Read

जीरो कोल लीकेज नीति के तहत छापेमारी और ड्रोन सर्विलांस
बाघमारा। भारत सरकार की “जीरो कोल लीकेज टॉलरेंस पॉलिसी” के प्रभावी क्रियान्वयन और अवैध खनन, कोयला चोरी, अवैध कोयला संग्रहण एवं परिवहन पर नियंत्रण को लेकर CISF यूनिट, BCCL धनबाद ने विशेष अभियान चलाया। BCCL प्रबंधन एवं स्थानीय प्रशासन के समन्वय से धनबाद कोयलांचल के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में आसूचना आधारित और तकनीक-सक्षम कार्रवाई की गई। अभियान के तहत छापेमारी, सघन तलाशी, ड्रोन सर्विलांस, क्षेत्र-प्रभुत्व और विशेष वाहन जांच की गई।
15 स्थानों पर तलाशी, नहीं मिला अवैध कोयला संग्रहण
अवैध खनन एवं कोयला चोरी के खिलाफ कुल 15 संवेदनशील स्थानों पर छापेमारी और सघन तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि, किसी भी स्थान पर अवैध कोयला संग्रहण अथवा अन्य कोयला संबंधी अवैध गतिविधि नहीं मिली। ड्रोन सर्विलांस के माध्यम से भी संवेदनशील इलाकों की निगरानी की गई। अभियान का उद्देश्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के साथ संभावित अवैध मार्गों और गतिविधियों की पहचान करना रहा।
महूदा से कतरास तक अलग-अलग स्थिति पर निगरानी
एरिया-02 महूदा में वाशरी गेट के समीप बिजली समस्या को लेकर स्थानीय ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन जारी रहा। BCCL प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच वार्ता चल रही है तथा स्थिति शांतिपूर्ण है। एरिया-04 कतरास के लकड़का बस्ती स्थित 06 नंबर पीट क्षेत्र में नया गोफ बनने से एक भैंस उसमें गिर गई थी, जिसे BCCL के लॉजिस्टिक सहयोग से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
निश्चितपुर और धनसार में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
एरिया-05A निश्चितपुर में डेको (BLA) आउटसोर्सिंग कंपनी के श्रमिकों ने भूमि उपलब्धता एवं वेतन संबंधी समस्याओं को लेकर NOCP डिपार्टमेंटल माइंस का कार्य बंद रखा। CISF द्वारा क्षेत्र में सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। एरिया-06 धनसार में SNR माइंस से J-Patch OB डंप तक बन रहे मार्ग को संभावित एस्केप रूट के रूप में चिन्हित कर BCCL प्रबंधन को आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित किया गया। हजीरा बस्ती के समीप 33 KV विद्युत पोल काटकर ट्रांसपोर्टिंग मार्ग पर गिराए जाने से KDS-1 का परिवहन प्रभावित हुआ, जिसकी सूचना प्रबंधन को दी गई।
बस्ताकोला से बसंतीमाता तक जारी रही निगरानी
एरिया-09 बस्ताकोला में GOCP कोल डंप एवं BCD NCP क्षेत्र में विभिन्न मांगों को लेकर ट्रांसपोर्टिंग बाधित रही। CISF एवं QRT द्वारा मौके पर निगरानी की जा रही है और स्थिति सामान्य एवं शांतिपूर्ण है। एरिया-11 भौंरा के 4A पैच माइंस क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर अनधिकृत प्रवेश रोका गया और खनन कार्य सुचारु कराया गया। एरिया-12 बसंतीमाता में लायकडीह वाशरी के सामने श्रमिकों का अनिश्चितकालीन धरना और भूख हड़ताल जारी है, जबकि वाशरी का कार्य सामान्य रूप से संचालित हो रहा है। ड्रोन सर्विलांस में विभिन्न स्थानों पर अवैध मुहाने एवं रैट-होल मिले, लेकिन कहीं भी अवैध कोयला संग्रहण नहीं पाया गया।
बंद माइंस के संभावित रास्ते भी किए गए अवरुद्ध
गोविंदपुर क्षेत्र की ओरिएंटल बंद माइंस में अवैध गतिविधियों में संभावित रूप से इस्तेमाल होने वाले प्रवेश मार्ग को BCCL के लॉजिस्टिक सहयोग से अवरुद्ध कर दिया गया। कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से पूरी की गई। CISF द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी और तकनीकी साधनों के इस्तेमाल के जरिए अवैध खनन, कोयला चोरी और अवैध परिवहन पर नियंत्रण की कार्रवाई जारी रखी जा रही है।

Share This Article