सरकारी दफ्तरों में चोरी करने वाला शातिर गिरोह बेनकाब: एसपी के खुलासे में मिले हैरान करने वाले राज, ऐसे देते थे वारदात को अंजाम

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : पलामू पुलिस ने सरकारी दफ्तरों, स्कूलों और पंचायत सचिवालयों में सेंधमारी करने वाले एक अंतर-स्थानीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को दबोच लिया है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर छापेमारी कर 13 प्रिंटर, लैपटॉप, कंप्यूटर और इनवर्टर-बैटरी समेत भारी मात्रा में चुराया गया इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने सोमवार को पुलिस सभागार में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नामुदाग निवासी अवधेश कुमार भुइयां (35) और उसके साले जवाड़ निवासी अमोद भुइयां (30) के रूप में हुई है। गुप्त सूचना मिली थी कि अवधेश के घर में चोरी का भारी सामान डंप किया गया है और उसे ठिकाने लगाने की फिराक में आरोपी हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने नामुदाग स्थित उसके घर पर दबिश दी और दोनों को धर दबोचा।

रात के अंधेरे में बनाते थे सरकारी संस्थानों को निशाना
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे रात के समय विभिन्न सरकारी संस्थानों और शैक्षणिक संस्थानों के ताले चटकाकर वारदात को अंजाम देते थे। वे मुख्य रूप से महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को अपना निशाना बनाते थे। चुराए गए माल का कुछ हिस्सा वे पहले ही बेच चुके थे, जबकि बाकी का बड़ा हिस्सा बरामद कर लिया गया है। इनकी निशानदेही पर जिन प्रमुख जगहों पर चोरियों का खुलासा हुआ है, उनमें मुख्य रूप से शामिल हैं।
​छतरपुर और पाटन प्रखंड कार्यालय
​छतरपुर विद्युत कार्यालय
​नौडीहा बाजार प्रखंड कार्यालय
​नावाटांड़ पंचायत सचिवालय
​नामुदाग हाई स्कूल
​नौडीहा बाजार स्थित एक फोटोकॉपी दुकान

बरामदगी की लंबी फेरिस्त
पुलिस ने आरोपियों के ठिकाने से कई कीमती सामान जब्त किए हैं, जिनमें 13 प्रिंटर, एसर लैपटॉप, एसर ऑल-इन-वन कंप्यूटर, डेल और लेनोवो के सीपीयू, मॉनिटर, इनवर्टर, 200 एएच की बैटरी, होम थिएटर, लेमिनेशन मशीन, लैपटॉप के माउस और चार्जर शामिल हैं। इसके अलावा रसोई गैस सिलेंडर, दीवार घड़ियां, कुर्सियां और चोरी में इस्तेमाल होने वाली तीन मोटरसाइकिलें भी हाथ लगी हैं।

नौडीहा बाजार थाने में मामला दर्ज
इस सिलसिले में नौडीहा बाजार थाने में कांड संख्या 83/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं (303(2), 317(2), 317(4) और 3(5)) में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस सिंडिकेट में और कौन-कौन लोग शामिल थे और इन्होंने किन-किन अन्य जगहों पर हाथ साफ किया है। इस ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार, नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान मौजूद रहे।

Share This Article