डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर :सरायकेला-खरसावां जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक धारदार और आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। जिले की सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से पुलिस बेड़े में 19 नए पेट्रोलिंग वाहन शामिल किए गए हैं। पुलिस लाइन में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी और एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने हरी झंडी दिखाकर इन सभी आधुनिक वाहनों को विभिन्न थानों के लिए रवाना किया।
यह नई खेप उन थानों को प्राथमिकता के आधार पर आवंटित की गई है, जहां पुरानी और जर्जर गाड़ियों के कारण गश्त प्रभावित हो रही थी। इन नए वाहनों के जुड़ने से डायल-112 और डायल-100 की इमरजेंसी कॉल्स पर पुलिस का रिस्पॉन्स टाइम काफी बेहतर होगा, जिससे अपराध नियंत्रण और आपातकालीन स्थितियों से निपटने में मदद मिलेगी।
सड़क हादसों में घायलों को मिलेगा जीवनदान
इन वाहनों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के तहत हर गाड़ी में फर्स्ट एड किट उपलब्ध कराई गई है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि इन वाहनों पर तैनात जवानों को जल्द ही विशेष मेडिकल ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं के ‘गोल्डन ऑवर’ के दौरान अस्पताल पहुंचने से पहले ही घायलों को घटनास्थल पर प्राथमिक उपचार मिल सके।
प्रशासन का मानना है कि इन अत्याधुनिक संसाधनों और प्रशिक्षित जवानों के मिलने से न केवल गश्त तेज होगी, बल्कि आम जनता और पुलिस के बीच का दायरा और मजबूत होगा। इस पहल से खुले इलाकों में निगरानी बढ़ने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त करने में खासी मदद मिलेगी।

