चाईबासा-चक्रधरपुर मार्ग पर विक्षिप्त युवती से दरिंदगी, सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन ने खोला राज

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर: जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चाईबासा-चक्रधरपुर मार्ग पर लोहरदा के पास एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवती के साथ कार में दुष्कर्म करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना के 13 दिनों के भीतर पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान अंकोल कुटी गांव निवासी अविनाश कुदादा के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने जेल भेज दिया है। अपराध में इस्तेमाल की गई ऑल्टो कार को भी जब्त कर लिया गया है।

ताम्बो चौक से किया था अगवा
मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार के अनुसार, 20 अगस्त की रात करीब 11 बजे आरोपी को ताम्बो चौक पर एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवती अकेली हालत में मिली थी। वह उसे बहला-फुसलाकर अपनी कार में बैठाकर खूंटपानी के आगे लोहरदा गांव ले गया। वहां एक सुनसान जगह पर उसने युवती के साथ इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि बार-बार पत्नी का फोन आने के कारण वह घबरा गया और पीड़िता को उसी सुनसान सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया।

सीसीटीवी और मोबाइल लोकेशन से खुला राज
घटना के बाद पीड़िता सड़क किनारे बेसुध और बिना कपड़ों के हालत में मिली थी। स्थानीय ग्रामीणों और सहिया की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। चूंकि पीड़िता मानसिक रूप से अस्वस्थ थी, इसलिए वह शुरुआती दौर में पुलिस को कुछ भी बताने में असमर्थ थी। हालांकि, पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान को आधार बनाते हुए ताम्बो चौक और लोहरदा के बीच लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इस दौरान एक संदिग्ध ऑल्टो कार की पहचान हुई और तांत्रिक सर्वेलेंस से आरोपी का मोबाइल लोकेशन भी अपराध स्थल से मैच कर गया। पुख्ता सबूत मिलने के बाद 3 सितंबर को पुलिस ने अंकोल कुटी स्थित उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

Advertisement
Share This Article