डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर:सजा और सलाखों के बीच भी आस्था और आत्मसुधार की राह तलाशी जा सकती है, इसकी एक मिसाल जमशेदपुर की घाघीडीह सेंट्रल जेल में देखने को मिल रही है। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जेल परिसर के भीतर विशेष तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, जहां महिला और पुरुष कैदी पूरे नियम-निष्ठा के साथ सूर्योपासना का चार दिवसीय व्रत रखेंगे।
पंजीकरण शुरू, कारागार प्रबंधन जुटा व्यवस्था में
छठ पूजा को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जेल प्रशासन ने इच्छुक व्रतियों की सूची तैयार करनी शुरू कर दी है। पंजीकरण का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि व्रत रखने वाले हर बंदी को समय पर जरूरी पूजा सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
प्रशासन उपलब्ध कराएगा पूरी सामग्री
जेल प्रबंधन की ओर से व्रतियों के लिए सभी आवश्यक सामग्रियां मुफ्त मुहैया कराई जाएंगी। इनमें नए वस्त्र (साड़ी और धोती), बांस के पारंपरिक सूप और दउरा, ठेकुआ के लिए शुद्ध घी, आटा और गुड़, चावल, नारियल, ताजे फल, दीये, कपूर और धूपबत्ती शामिल है।
कैदियों ने खुद संभाला सफाई का मोर्चा
जेल के अंदर पर्व की पवित्रता बनाए रखने के लिए बंदियों ने खुद श्रमदान करते हुए परिसर, गलियारों और पूजा स्थल की साफ-सफाई की जिम्मेदारी ली है। वहीं, अर्घ्य देने के लिए जेल के भीतर ही विशेष छठ घाट तैयार किए जा रहे हैं, जिनकी सजावट का कार्य भी योजनाबद्ध तरीके से किया जाएगा।
आस्था के जरिए मुख्यधारा से जुड़ने की पहल
जेल प्रशासन का मानना है कि इस तरह के धार्मिक और सांस्कृतिक अनुष्ठान केवल औपचारिकता नहीं हैं, बल्कि यह कैदियों के मानसिक स्वास्थ्य को सुधारने का एक सशक्त जरिया हैं। अपराध की मानसिकता को पीछे छोड़कर जब बंदी लोक संस्कृति और भक्ति से जुड़ते हैं, तो उनके भीतर सकारात्मक विचार और सुधार की भावना प्रबल होती है। घाघीडीह जेल का यह प्रयास बंदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक संवेदनशील पहल माना जा रहा है।

