साहिबगंज में आधी रात गोलियों की गूंज, सिर में गोली लगने से मुन्ना साह की मौत; पुलिस जवान पर आरोप

Reena Sharma
2 Min Read

साहिबगंज के जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के पूर्वी फाटक में देर रात करीब दो बजे गोलीबारी की घटना हुई। इसमें 45 वर्षीय मुन्ना साह की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, पवन कुमार शाह ने मुन्ना साह को गोली मार दी। गोली उनके सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर

सदर अस्पताल में चिकित्सक डॉ. रेहान ने उनका प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। डॉ. रेहान ने बताया कि मुन्ना साह के सिर में गोली लगी थी, जिससे उनकी हालत गंभीर थी। बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर भेजा गया था। हालांकि, बाद में उनकी मौत हो गई।

बेटे ने पवन कुमार शाह पर लगाया गोली मारने का आरोप

मृतक के पुत्र ने आरोप लगाया कि उनके पिता को पवन कुमार शाह ने गोली मारी है। वहीं, सूत्रों के अनुसार, आरोपी पवन कुमार शाह जिला पुलिस का जवान है और उसने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से इस घटना को अंजाम दिया। हालांकि, गोली मारने के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंची पुलिस

गोलीबारी की सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता और जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह सदर अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

आरोपी पवन शाह से पूछताछ कर रही पुलिस

जांच के क्रम में पुलिस आरोपी पवन शाह को पकड़कर पूछताछ कर रही है। पुलिस गोलीबारी के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। वहीं, घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

Share This Article