ट्रैक पर अचानक पहुंची ट्रैक्टर-ट्रॉली
हजारीबाग में चरही और बेस रेलवे स्टेशन के बीच रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रेन के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि सभी यात्री सुरक्षित रहे।
इंजन का अगला हिस्सा हुआ क्षतिग्रस्त
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। ट्रैक से ट्रैक्टर-ट्रॉली हटाने के बाद परिचालन सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू की गई। करीब आधे घंटे बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
ट्रैक्टर-ट्रॉली ट्रैक तक कैसे पहुंची, जांच शुरू
हजारीबाग स्टेशन पहुंचने के बाद रेलवे अधिकारियों ने वंदे भारत की स्थिति की जांच की। इंजन के अगले हिस्से को हुए नुकसान का आकलन किया गया और ट्रैक पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पहुंचने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
पहले भी तकनीकी खराबी से रुकी थी वंदे भारत
इससे पहले हावड़ा-राउरकेला वंदे भारत ट्रेन तकनीकी खराबी के कारण ओडिशा के बिसरा स्टेशन पर करीब एक घंटे 40 मिनट तक खड़ी रही थी। यात्रियों को आगे ले जाने के लिए रेलवे ने दूसरे रेक की व्यवस्था की थी।

