विधायक के घर के सामने लगाया जा रहा था कैमरा
हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि विपक्ष के विधायकों की रेकी कराई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार जिला प्रशासन के साथ मिलकर विपक्षी जनप्रतिनिधियों पर नजर बनाए हुए है। कुछ दिन पहले हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद के आवास के ठीक सामने हाई रेजोल्यूशन CCTV कैमरा लगाया जा रहा था। विधायक ने कैमरा लगाने वाले लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
48 घंटे बाद भी सामने नहीं आया कैमरा लगाने का राज
घटना के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कैमरा किन लोगों ने और किसके निर्देश पर लगाया था। इस मामले को लेकर सदर विधायक प्रदीप प्रसाद विधानसभा अध्यक्ष, हजारीबाग एसपी समेत कई अधिकारियों से पत्राचार कर चुके हैं। साथ ही कोर्रा थाना में इस संबंध में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।
सांसद बोले- जनप्रतिनिधि की रेकी लोकतंत्र पर सवाल
हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने CCTV कैमरा लगाए जाने की घटना पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि किसी जनप्रतिनिधि की रेकी करना गंभीर अपराध है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में किसी को भी विपक्षी जनप्रतिनिधियों पर इस तरह नजर रखने का अधिकार नहीं है। सांसद ने पूरे मामले की जांच कर कैमरा लगाने के पीछे शामिल लोगों और उनके निर्देश देने वालों का खुलासा करने की मांग की।

