डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शुक्रवार को फ्लाईदुबई विमान की घटना में असाधारण साहस दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर से वीडियो कॉल पर बातचीत की। पीएम मोदी ने उनकी बहादुरी, सूझबूझ और संयम की जमकर तारीफ की और जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
बातचीत के दौरान कैप्टन स्मित मच्छर ने घटना का पूरा अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि कॉकपिट में को-पायलट के हमले के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने हनुमान चालीसा का जाप किया, जिससे उन्हें हिम्मत मिली। स्मित ने कहा, जब मैं दर्द में होता हूं तो हनुमान चालीसा पढ़ता हूं। उस समय भी मैं हनुमान चालीसा ही पढ़ रहा था। वे पीएम मोदी से बात करते हुए भावुक हो गए और बोले कि मोदी उनके सबसे बड़े आदर्श हैं। उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें प्रधानमंत्री से बात करने का मौका मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने स्मित से कहा, पूरा देश आपके लिए प्रार्थना कर रहा है। आपकी सेहत के लिए महामृत्युंजय जाप किया जा रहा है। आपकी हिम्मत, सूझबूझ और संयम ने कई लोगों की जान बचाई। देश गर्व से कह सकता है कि भारतीय जान लेने वाले नहीं, बल्कि जान बचाने वाले लोग हैं। उन्होंने यह भी कहा कि स्मित ने साबित कर दिया कि हिंदुस्तानी दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल सकते हैं।
पीएम मोदी ने इससे पहले स्मित के पिता भूपेंद्रभाई, माता गीताबेन और पत्नी सोनलबेन से भी बात की थी और परिवार की हिम्मत की सराहना की थी। स्मित वर्तमान में यूएई के एक अस्पताल में इलाज करा रहे हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
बता दें कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई फ्लाइट FZ1073 में ओमानी को-पायलट ने कथित तौर पर विमान को क्रैश करने की कोशिश की थी। गंभीर घावों के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छर ने कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिससे यात्रियों ने को-पायलट को काबू कर लिया और विमान सुरक्षित रूप से सऊदी अरब में उतरा। इस बहादुरी से करीब 170-180 लोगों की जान बच गई। इजरायली प्रधानमंत्री ने भी इसे 9/11 जैसी घटना को टालने वाला कदम बताया था। प्रधानमंत्री ने पहले भी स्मित को ‘हीरो’ करार दिया था और कहा था कि उनकी वीरता से पूरा देश गर्वित है।

