बाघमारा: धनबाद के एरिया-4 कतरास क्षेत्र अंतर्गत सिजुआ 10 नंबर बस्ती के पीछे केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 13 टन अवैध कोयला जब्त किया। अवैध कोयले के भंडारण की गुप्त सूचना मिलने के बाद टीम ने मौके पर छापेमारी कर यह कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में कोयला डंप मिला। मौके पर मौजूद लोगों से कोयले से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या ट्रांजिट चालान प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद सीआईएसएफ ने पूरे कोयले को जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
अवैध खनन और कोयले के अवैध भंडारण के मामले में प्रशासन ने माइंस एंड मिनरल्स (डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन) एक्ट (MMDR Act) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कोयला क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अवैध तस्करी या भंडारण को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फिलहाल जांच जारी है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि जब्त किया गया कोयला सिजुआ 10 नंबर बस्ती तक कैसे पहुंचा। इसकी जांच की जा रही है कि कोयला खदान से अवैध रूप से निकाला गया था या कहीं और से लाकर यहां डंप किया गया था। साथ ही इस पूरे नेटवर्क में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
सीआईएसएफ ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें भविष्य में अवैध कोयला खनन, परिवहन या भंडारण जैसी गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

