इस्तांबुल एयरपोर्ट पर फंसे 400 भारतीय, भूख– प्यास से हुए परेशान

mirrormedia
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया:तुर्किये से मुंबई की यात्रा करने वाले सैकड़ों यात्रियों को बीते दिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इंडिगो की उड़ान में परिचालन कारणों से देरी होने के चलते करीब 400 यात्री इस्तांबुल हवाई अड्डे पर 24 घंटे तक फंसे रहे। एयरलाइन ने यात्रियों की शिकायतों के जवाब में कहा कि उड़ान में देरी परिचालन कारणों से हुई और इसके लिए खेद जताया।

यात्रियों का सोशल मीडिया पर आक्रोश

कुछ यात्रियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और लिंक्डइन पर अपनी समस्याएं साझा कीं। अनुश्री भंसाली नामक एक यात्री ने बताया कि उड़ान में दो बार एक घंटे की देरी की घोषणा हुई, लेकिन बाद में इसे रद्द कर दिया गया। आखिरकार, 12 घंटे बाद उड़ान को पुनर्निर्धारित किया गया।

आवास और भोजन की सुविधाओं का अभाव

फंसे हुए यात्रियों का आरोप है कि फ्लाइट की देरी के बावजूद इंडिगो ने उन्हें कोई आवास, भोजन वाउचर या अन्य सहायता प्रदान नहीं की। यात्रियों ने यह भी कहा कि एयरलाइन के प्रतिनिधि ने उनसे संपर्क तक नहीं किया।

अव्यवस्था के कारण यात्रियों में हताशा

मुंबई जाने के इंतजार में परेशान पार्श्व मेहता ने लिखा कि रात 8 बजे की फ्लाइट को 11 बजे तक टाल दिया गया और फिर अगले दिन सुबह 10 बजे तक। इस दौरान यात्रियों को कोई स्पष्ट सूचना नहीं दी गई। अव्यवस्था का आलम यह था कि यात्रियों को तुर्की एयरलाइंस के चालक दल से जानकारी लेनी पड़ी।

एयरलाइन का स्पष्टीकरण

यात्रियों की शिकायतों पर प्रतिक्रिया देते हुए इंडिगो ने कहा, परिचालन कारणों से उड़ान में देरी हुई है। हम यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद प्रकट करते हैं।हालांकि, यात्रियों की असुविधाओं और सहायता के अभाव पर एयरलाइन ने कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।

  • खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।
Share This Article
Follow:
Mirror media digital laboratory Pvt. Ltd. Established February 2019. It is a Social Website channel Releted to News From all over india and Abroad with Reflection of truth. Mirror media is Connecting the people 24x7 and show all news and Views