मुकुंदसाईं में भक्ति का सैलाब: 151 कन्याओं ने उठाई कलश, राधा-गोविंद मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा शुरू

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत मुकुंदसाई गांव इन दिनों भक्ति के अनूठे रंग में रंगा है। अवसर है नवनिर्मित राधा-गोविंद मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का, जिसकी शुरुआत गुरुवार को एक भव्य कलश यात्रा के साथ हुई। इस यात्रा में 151 कन्याओं और महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर गांव की सुख-समृद्धि की कामना की।

गाजे-बाजे के साथ गूंजे भक्ति गीत
राधा-गोविंद क्लब के तत्वावधान में आयोजित यह कलश यात्रा मंदिर प्रांगण से पूरे विधि-विधान के साथ शुरू हुई। गाजे-बाजे और पारंपरिक भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु मुकुंदसाई नदी पहुंचे। वहां पुरोहितों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच पवित्र जल भरा गया, जिसे लेकर श्रद्धालु पुनः मंदिर पहुंचे। इस दौरान पूरा गांव ‘राधे-राधे’ के जयघोष से गुंजायमान रहा।

सामाजिक एकता और लोक कल्याण का संदेश
ग्रामीणों के अनुसार यह मंदिर केवल एक धार्मिक ढांचा नहीं, बल्कि गांव की एकजुटता का प्रतीक है। आयोजन समिति के सदस्यों और ग्राम प्रधान ने बताया कि इसका मकसद गांव में आपसी भाईचारा, प्रेम और एकता को सुदृढ़ करना। क्षेत्र में शांति, सुख और समृद्धि की स्थापना करने का संकल्प है। मान्यता है कि ग्रामीणों की लंबे समय से इच्छा थी कि गांव में एक ऐसा स्थान हो जो लोक कल्याण और विश्व शांति की भावना को जागृत करे।

Advertisement

उत्सव में उमड़े दूर-दराज के मेहमान
प्राण प्रतिष्ठा को लेकर केवल मुकुंदसाई ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी भारी उत्साह है। उत्सव में शामिल होने के लिए दूर-दराज से रिश्तेदारों और मेहमानों का आगमन शुरू हो गया है। गांव में सामूहिक भोज और धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारी जोर-शोर से चल रही है।

इनका रहा सराहनीय योगदान
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में क्लब के अध्यक्ष बसंत महाकुड़, सचिव नीलकमल महाकुड़ समेत संजीत महाकुड़, ग्राम प्रधान भावतरण महाकुड़, निवारण महाकुड़, नरसिंह, सृष्टिधर महाकुड़ और देवानंद राउत जैसे सक्रिय सदस्यों ने दिन-रात एक कर दिया है।

Share This Article