धनबाद। गोविंदपुर स्थित झारखंड सशस्त्र पुलिस-3 (जैप-3) वाहिनी परिसर में शुक्रवार को बुनियादी प्रशिक्षण सत्र के अंतिम चरण में पारण परेड का आयोजन गरिमापूर्ण माहौल में किया गया। इस मौके पर बोकारो रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) डॉ. माइकल राज एस ने परेड की सलामी ली और प्रशिक्षणरत जवानों की टुकड़ियों का निरीक्षण किया।
पारण परेड में भारतीय रिजर्व बटालियन (IRB) और स्पेशल इंडिया रिजर्व बटालियन (SIRB) के कुल 82 आरक्षियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 30 पुरुष और 52 महिला जवान शामिल थीं। सभी आरक्षियों ने अपने प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया है। परेड के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को सम्मानित भी किया गया।
इस मौके पर सभी प्रशिक्षुओं को राष्ट्र सेवा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के उपरांत परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण सरंक्षण का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में जैप-3 के समादेष्टा (कमांडेंट) हृदीप पी जनार्दनन, धनबाद की उपायुक्त माधवी मिश्रा, सिटी एसपी अजीत कुमार, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी सहित जैप-3 के कई पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं जवान उपस्थित रहे।