Bihar:“कांग्रेस-राजद को केवल कुर्सी चाहिए”, पटना में बोले राजनाथ सिंह

Neelam
By Neelam
3 Min Read

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पटना पहुंचे। राजनाथ सिंह बीजेपी कार्यसमिति की बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचे।कांग्रेस और राजद पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद जैसी पार्टियों का सिर्फ एक ही मकसद है, किसी भी तरह सत्ता में बने रहना। इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य सामाजिक सद्भाव से जोड़ना है।

कांग्रेस और आरजेडी पर तंज

पटना पहुंचे राजनाथ सिंह ने बिहार को “महान धरती” बताया और कहा कि यहां के कार्यकर्ता साधारण नहीं, बल्कि स्वर्णिम कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि बिहार का खोया हुआ गौरव सिर्फ एनडीए लौटा सकती है। उन्होंने कहा कि हर पंचायत, हर मुहल्ले में बीजेपी मोदी की बात करें और विकास की बात करें। उन्होंने कहा कि लोगों को ये समझाएं कि बीजेपी सिर्फ सरकार नहीं चलाती है, बीजेपी सामाजिक सद्भाव से जोड़ती है। विपक्षी पार्टियों कांग्रेस और आरजेडी पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि इनके जैसी पार्टियां सिर्फ कुर्सी पाने की प्रेरणा से काम करती हैं।

राजद-कांग्रेस ने बिहार को गर्त में पहुंचा दिया-राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह ने कहा कि राजद के साथ-साथ कांग्रेस भी बिहार की बर्बादी के दोषी रहे हैं, इन दोनों की सरकारों ने बिहार को गर्त में पहुंचा दिया था, अपराध.. जातिवाद और जंगलराज के चलते बिहार अंधेरे में चला गया था, धीरे-धीरे ये अंधकार खत्म हुआ है। भाजपा और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विकास के पथ पर है, जो बिहार एक समय बर्बाद हो गया था, आज वो बिहार आत्मनिर्भर बन गया है।

भाजपा सरकार में स्वाभिमान के साथ जीने का अधिकार मिला-राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि हर किसी को स्वाभिमान के साथ जीने का अधिकार मिले। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर भारत की अर्थव्यवस्था को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई ऐसे प्रभावी कदम उठाए हैं, जिनकी पहले कभी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। उन्होंने कहा कि लोग यह सोच भी नहीं सकते थे कि कोई केंद्र सरकार इतना बड़ा आर्थिक बोझ उठा सकती है।

बिहार को पिछड़ा बनाया गया-राजनाथ सिंह

राजनाथ सिंह ने आगे कहा कि बिहार पिछड़ा नहीं था, उसे पिछड़ा बनाया गया है। कांग्रेस और आरजेडी की सरकारें सिर्फ सत्ता की भूखी थीं। न उन्होंने विकास किया, न बिहार को सम्मान दिलाया। उन्होंने कहा कि पहले बिहार में मुख्यमंत्री तो बदलते रहे, लेकिन बिहार की हालत नहीं बदली।

Share This Article