NH-33 पर एलिवेटेड कॉरिडोर: जमशेदपुर के लिए बड़ी सौगात

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर के NH-33 पर चांडिल के आसनबनी से देवघर पंचायत तक 10.02 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर तैयार किया जा रहा है। इस परियोजना से शहरवासियों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। इस एलिवेटेड कॉरिडोर पर चढ़ने और उतरने के लिए तीन अलग-अलग जगहों पर कुल 6 रैंप बनाए जाएंगे, जिससे स्थानीय लोगों और शहर में आने-जाने वालों को सुविधा होगी।

रैंप के स्थान और उनका महत्व
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने इन तीन मुख्य स्थानों पर रैंप बनाने का निर्णय लिया है।

पारडीह चौक के समीप: यह रैंप पारडीह चौक से डिमना चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर बनेगा।

पारडीह-डिमना के बीच (सुवर्णरेखा कॉलोनी के समीप): यह रैंप पारडीह चौक और डिमना चौक के बीच सुवर्णरेखा कॉलोनी के पास स्थित होगा।

डिमना चौक के समीप: यह रैंप डिमना चौक को पार करने के बाद एक छोटे पुल से गुजरने के बाद घाटशिला की ओर जाने वाली सड़क पर बनाया जाएगा।

NHAI प्रशासन का कहना है कि इन तीन जगहों पर रैंप बनने से शहरवासियों को काफी लाभ होगा, खासकर ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी और यात्रा का समय कम होगा।

परियोजना का इतिहास और प्रगति
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए जयपुर की एचजी इंफ्रा एजेंसी का चयन टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है। शुरुआत में, 23 मार्च 2023 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में इसे डबल डेकर एलिवेटेड कॉरिडोर के रूप में शिलान्यास किया था। हालांकि, बाद में इसे संशोधित कर सिंगल डेकर फ्लाईओवर कर दिया गया। संशोधित परियोजना का शिलान्यास 20 जनवरी 2025 को सांसद विद्युत वरण महतो और विधायक सरयू राय ने संयुक्त रूप से किया। इस परियोजना को 2 वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में कनेक्टिविटी में सुधार होगा।

Share This Article