डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: सरकारी अस्पतालों में संसाधनों की कमी का रोना तो अक्सर सुना जाता है, लेकिन जब उपलब्ध सामान ही चोरी होने लगे, तो प्रशासन का सख्त होना लाजिमी है। जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में लगातार हो रही कंबल और चादरों की चोरी को लेकर अब अस्पताल प्रबंधन ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पिछले कुछ समय से अस्पताल के विभिन्न वार्डो से मरीजों के लिए रखे गए कंबल और चादरें गायब हो रही थी। हाल ही में चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को अस्पताल का कंबल ले जाते हुए रंगे हाथों पकड़ा भी गया था। इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और वार्ड प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे थे।
लापरवाही पर गिरेगी गाज
एमजीएम अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. जुझार मांझी ने इस मुद्दे पर सभी वार्डों की इंचार्ज नर्सों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अगर किसी भी वार्ड से सामान गायब होता है, तो उसकी सीधी जिम्मेदारी उस वार्ड की इंचार्ज नर्स की होगी। चोरी या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित नर्स के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
डिस्चार्ज के वक्त होगी जांच: डॉक्टर ने निर्देश दिया है कि मरीज की छुट्टी (डिस्चार्ज) के समय वार्ड स्टाफ यह सुनिश्चित करे कि अस्पताल का कोई सामान बाहर न जाए। गेट पर जांच के दौरान अगर किसी के पास अस्पताल का सामान मिला, तो वार्ड प्रबंधन को जवाब देना होगा।

