डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने आज सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध चिकित्सा संसाधनों और सेवाओं का गहन अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, जैसे जनरल वार्ड, महिला वार्ड, प्रसव वार्ड, शिशु वार्ड, आपातकालीन कक्ष (इमरजेंसी) और ओपीडी का दौरा किया।
उन्होंने अस्पताल में सफाई व्यवस्था, मरीजों को मिल रही सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता और चिकित्सकों की उपस्थिति सहित अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान, उपायुक्त ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधा संवाद किया। उन्होंने मरीजों को मिल रही दवाओं, भोजन और जांच जैसी सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली और किसी भी प्रकार की असुविधा या परेशानी के बारे में पूछा।
उपायुक्त ने सिविल सर्जन को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ पालन करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने अस्पताल परिसर की नियमित साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल की सुविधा और चिकित्सा उपकरणों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

इस निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, एसीएमओ डॉ. जोगेश्वर प्रसाद, डीआरसीएचओ डॉ. रंजीत पांडा और अन्य चिकित्सा पदाधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।