पूर्वी सिंहभूम में ‘मिशन उत्थान’ के तहत PVTG परिवारों का ग्राउंड सर्वे शुरू

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के मार्गदर्शन में ‘मिशन उत्थान’ अभियान के तहत विशेष रूप से संवेदनशील जनजाति समूह (PVTGs) का ग्राउंड सर्वे शुरू हो गया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले में निवास कर रहे इन जनजाति समूहों की पहचान करना, उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति का आकलन करना और यह सुनिश्चित करना है कि उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

घर-घर जाकर जुटाई जा रही जानकारी
इस अभियान के तहत सर्वेक्षण टीमें प्रत्येक PVTG परिवार से सीधा संपर्क साध रही हैं। टीमें यह जानकारी इकट्ठा कर रही हैं कि परिवारों को अब तक किन सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है और उन्हें भविष्य में किन योजनाओं की आवश्यकता है। इसके साथ ही, स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, आवास, आय-सृजन और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित उनकी ज़रूरतों का भी विस्तृत मूल्यांकन किया जा रहा है।

सर्वे का लक्ष्य और प्रगति
अब तक, बोड़ाम, धालभूमगढ़ और बहरागोड़ा प्रखंडों में सर्वे का काम पूरा हो चुका है। इन प्रखंडों की 24 ग्राम पंचायतों के 45 गांवों में 827 PVTG परिवारों से संपर्क स्थापित किया गया है। जिला प्रशासन ने कुल 5024 परिवारों का सर्वे करने का लक्ष्य रखा है।

मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास
सर्वेक्षण से प्राप्त जानकारी के आधार पर एक एकीकृत डेटा तैयार किया जाएगा। इसके बाद एक व्यवस्थित योजना के तहत सभी ज़रूरतमंद परिवारों को सरकार की लाभकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। इस पहल का अंतिम लक्ष्य PVTG समुदाय को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना, उनकी आजीविका को सशक्त बनाना और उनके जीवन स्तर में समग्र सुधार लाना है। जिला प्रशासन इस अभियान को जनभागीदारी, विभिन्न विभागों के समन्वय और एक सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ चला रहा है, ताकि इस संवेदनशील समूह को दीर्घकालिक लाभ सुनिश्चित किया जा सके।

Share This Article