Bihar : “24 घंटे के अंदर गोली मार दूंगा” बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को मिली जान से मारने की धमकी

Reena Sharma
2 Min Read

बिहार में अपराधी बेखौफ हैं। एक के बाद एक आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है। कोई भी दिन ऐसा नहीं गुजरता जब राजधानी पटना या किसी भी अन्य जिले से किसी बड़ी घटना की खबर नहीं आती। इस बीच बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी भरा यह मैसेज उनके एक समर्थक के वॉट्सऐप नंबर पर मिला है।जिसमें सम्राट चौधरी को 24 घंटे के अंदर गोली मारने की बात कही गई है।

जानकारी के मुताबिक, एक समर्थक के फोन पर अज्ञात नंबर से मैसेज किया गया है। यह धमकी भरा मैसेज शनिवार की रात को किया गया। व्हाट्सएप पर मैसेज में साफ लिखा गया है कि “24 घंटे के अंदर सम्राट चौधरी को गोली मार दूंगा सच बोल रहा हूं।” इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। हालांकि पुलिस की तरफ से यह कहा गया है कि सीधी सूचना नहीं मिली है लेकिन तकनीकी अनुसंधान जारी है। शिकायत प्राप्त होने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। हालांकि, मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस अज्ञात नंबर को ट्रेस कर रही और उसी के आधार पर बदमाश की तलाश कर रही है।

कई नेताओं की मिल रहीं धमकियां

Advertisement

बता दें कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब राज्य के किसी बड़े नेता को इस तरीके की धमकी दी गई है। इससे पहले हाल ही में केंद्रीय मंत्री और लोजपा रामविलास के प्रमुख चिराग पासवान को भी जान से मारने की धमकी दी गई थी। चिराग पासवान को यह धमकी सोशल मीडिया के माध्यम से दी गई थी। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा को भी जान से मारने की धमकी दी गई थी। उपेंद्र कुशवाहा ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से इस बात की जानकारी दी गई थी।

Share This Article