बड़ी खबर :- पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन का निधन: झारखंड ने खोया अपना ‘दिशोम गुरुजी’

KK Sagar
3 Min Read
Oplus_16777216

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक शिबू सोरेन का आज सुबह नई दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

शिबू सोरेन, जिन्हें पूरे झारखंड में ‘दिशोम गुरुजी’ के नाम से जाना जाता है, आदिवासी आंदोलन के एक मजबूत स्तंभ थे। उनके निधन की खबर से पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जो उनके पुत्र भी हैं, ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए लिखा:
“आदरणीय दिशोम गुरुजी हम सभी को छोड़कर चले गए हैं। आज मैं शून्य हो गया हूँ…”

शिबू सोरेन का जीवन आदिवासियों के अधिकार, जंगल-जमीन की रक्षा और झारखंड राज्य के निर्माण के संघर्षों से जुड़ा रहा। उन्होंने कई बार संसद और मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी निभाई थी।

राज्य सरकार की ओर से उनके निधन पर शोक की घोषणा किए जाने की संभावना है। उनके पार्थिव शरीर को रांची लाया जाएगा, जहाँ अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।

झारखंड ही नहीं, पूरा देश आज एक जननायक को खोने के दुख में डूबा है।

गौरतलब है कि 81 वर्षीय शिबू सोरेन किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और पिछले एक महीने से नई दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें 24 जून को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां वे लगातार चिकित्सकों की निगरानी में थे। बीते कुछ दिनों से उनकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई थी और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।

शिबू सोरेन झारखंड में ‘गुरुजी’ के नाम से प्रसिद्ध थे। वे झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक नेताओं में शामिल रहे और आदिवासी अधिकारों की लड़ाई में उन्होंने अग्रणी भूमिका निभाई। उन्होंने न केवल झारखंड को अलग राज्य का दर्जा दिलाने की मुहिम चलाई, बल्कि राज्य के तीन बार मुख्यमंत्री भी बने।

उनके नेतृत्व में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने आदिवासी क्षेत्रों में सामाजिक और राजनीतिक चेतना की लहर चलाई। उन्होंने क्षेत्रीय अस्मिता, जंगल-जमीन के अधिकार और आदिवासी पहचान को लेकर मजबूत आवाज़ उठाई।

शिबू सोरेन के निधन से पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ गई है। लोगों में गहरा दुख है क्योंकि उन्होंने एक ऐसे जननेता को खो दिया है, जिन्होंने झारखंड के निर्माण और आदिवासी समाज के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....