Bihar: प्रत्यय अमृत होंगे बिहार के अगले मुख्य सचिव, अमृतलाल मीणा इस महीने छोड़ेंगे कुर्सी

Neelam
By Neelam
3 Min Read

सरकार ने स्थायी रूप से मुख्य सचिव नियुक्त करने का निर्णय लिया है। प्रत्यय अमृत बिहार के अगले मुख्य सचिव होंगे। एक सितंबर को वह अपना कार्यभार संभालेंगे। दरअसल 1989 बैच के आईएएस अधिकारी अमृत लाल मीणा दिनांक 31 अगस्त को रिटायर हो जाएंगे, इसलिए उनकी जगह अब  प्रत्यय अमृत को मुख्य सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

सीएम नीतीश कुमार के हैं खास

बिहार सरकार ने सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से 4 अगस्त को अधिसूचना जारी कर 1991 बैच के आईएएस अधिकारी प्रत्यय अमृत को नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। वे 1 सितंबर 2025 से अमृत लाल मीणा की जगह यह जिम्मेदारी संभालेंगे। प्रत्यय अमृत सीएम नीतीश कुमार के सबसे खास माने जाते हैं। प्रत्यय अमृत वर्तमान में विकास आयुक्त, बिहार के साथ-साथ अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन विभाग के रूप में कार्यरत हैं। प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शिता और संवेदनशील नेतृत्व के लिए वे पूरे देश में जाने जाते हैं।

कौन हैं प्रत्यय अमृत?

प्रत्यय अमृत बिहार कैडर के 1991 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उनका जन्म 7 जुलाई 1967 को बिहार के गोपालगंज जिले में हुआ था। प्रत्यय अमृत दिल्ली यूनिवर्सिटी के हिंदू कॉलेज से ग्रेजुएट हैं। कटिहार, छपरा सहित कई जिलों के वो डीएम रहे। 2024 में उन्हें बिहार का विकास आयुक्त नियुक्त किया गया था। 2020 में कोविड के दौरान वो स्वास्थ्य विभाग में अपर मुख्य सचिव बने। इस दौरान उन्होंने बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 2011 में उन्हें प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

बिहार के विकास में अभूतपूर्व योगदान

प्रत्यय अमृत ने अपने 34 साल के करियर में बिहार के विकास में अभूतपूर्व योगदान दिया है। कटिहार के डीएम रहते उन्होंने जिला अस्पताल को पब्लिक-प्राइवेट-पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत नया रूप दिया। सड़क, बिजली और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में उनके प्रयासों ने बिहार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। 2006 में प्रत्यय अमृत बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के पहले आईएएस अध्यक्ष बने। उस समय निगम वित्तीय और प्रबंधकीय संकट से जूझ रहा था। उनके नेतृत्व में निगम ने न केवल वित्तीय स्थिरता हासिल की, बल्कि पूरे राज्य में सड़कों और फ्लाईओवरों का जाल बिछाया। उनके कार्यकाल में बिहार में सड़क संपर्क और ग्रामीण विद्युतीकरण को गति मिली जिसने लाखों लोगों के जीवन को आसान बनाया।

Share This Article