Bihar:नीतीश कुमार के बेटे निशांत की सक्रिय राजनीति में होने वाली है एंट्री! पटना में लगे पोस्टर

Reena Sharma
3 Min Read

बिहार की राजनीति में आज का दिन अहम है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने की अटकलें तेज हो गई हैं। राजधानी पटना में निशांत कुमार के पोस्टर जगह-जगह लगाए गए हैं, जिनमें उन्हें लेकर संदेश लिखे गए हैं।इन पोस्टरों में निशांत कुमार द्वारा लोगों के साथ संवाद किए जाने की बात कही गई है।

पोस्टर पर लिखा है- माननीय मुख्यमंत्री जी की सफल जन कल्याणकारी योजनाओं पर परिचर्चा। एक विचार निशांत के साथ, निशांत संवाद। इन पोस्टरों के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा का माहौल गरम हो गया है। पोस्टर के हिसाब से निशांत कुमार आज यानी रविवार को पटना में एक संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि इसी मंच से वे राजनीति में उतरने को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट कर सकते हैं।

निशांत के सियासी सफर को लेकर लंबे समय से चर्चा

Advertisement

बता दें कि निशांत कुमार के सियासत में आने को लेकर काफी पहले से चर्चा हो रही है।इस साल होली के आसपास निशांत के राजनीति में आने की अटकलें तेज हो गई थीं, जब वह अपने पिता की उपलब्धियों का बखान कर रहे थे और लोगों से उन्हें फिर से सत्ता में लाने की अपील कर रहे थे। निशांत को जेडी(यू) की “नई उम्मीद” बताने वाले पोस्टर शहर में जगह-जगह लगे थे, और मीडिया के एक हिस्से में ऐसी खबरें आ रही थीं कि उन्हें आगामी विधानसभा चुनावों में हरनौत से चुनाव लड़ाने की योजना है, जिस सीट का प्रतिनिधित्व कई दशक पहले उनके पिता करते थे।

बिहार में एक नए सियासी समीकरण की होगी शुरूआत?

दरअसल निशांत कुमार अब तक सार्वजनिक और राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहते आए हैं, लेकिन समय-समय पर उनका नाम सुर्खियों में रहा है। नीतीश कुमार के राजनीतिक उत्तराधिकार को लेकर लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं, और इस घटनाक्रम ने अटकलों को और हवा दे दी है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि अगर निशांत राजनीति में आते हैं, तो इससे बिहार की सियासत में नया समीकरण बन सकता है। फिलहाल सभी की निगाहें आज के संवाद कार्यक्रम पर टिकी हैं।

Share This Article