एक पेड़ मां के नाम : पालुडीह में वन महोत्सव का भव्य आयोजन, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

KK Sagar
3 Min Read

धनबाद वन प्रमंडल की ओर से शनिवार को पालुडीह में आयोजित वन महोत्सव का उद्घाटन उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल, निरसा के विधायक अरूप चटर्जी, सेल के महाप्रबंधक (पर्यावरण) आदित्य सिंह और एमपीएल के सीईओ जगमीत सिंह सिद्धू ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत महान स्वतंत्रता सेनानी वीर सिदो कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई।

स्वागत समारोह के बाद सभी गणमान्य अतिथियों ने फलदार पौधों का रोपण कर वन महोत्सव की औपचारिक शुरुआत की। इसके पश्चात उपायुक्त और अन्य अतिथि एमपीएल प्लांट पहुंचे, जहां उन्होंने जमशेदजी नौसेरवानजी टाटा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और अधिकारियों के साथ प्लांट का अवलोकन किया।

“एक पेड़ मां के नाम” थीम बनी आकर्षण

इस बार वन महोत्सव “एक पेड़ मां के नाम” थीम पर आधारित रहा। प्रतिभागियों ने मातृप्रेम को प्रकृति से जोड़ते हुए पौधारोपण किया। आयोजन को सफल बनाने में एमपीएल (मैथन पावर लिमिटेड) और सेल (स्टील ऑथोरिटी ऑफ इंडिया) की अहम भूमिका रही। महोत्सव और पौधारोपण के लिए एमपीएल और सेल ने न केवल भूमि और संसाधन उपलब्ध कराए, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दर्शाई।

कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों, अधिकारियों और स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सैकड़ों की संख्या में फलदार पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली गई।

पर्यावरण संरक्षण पर जोर

इस अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक आयोजन नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य की नींव है। वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालीवाल ने बताया कि सामाजिक विकास, वायुमंडल और धरती की सेहत के लिए वृक्षारोपण समय की मांग है।

निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने क्षेत्रीय विकास में पर्यावरण की अहमियत पर बल देते हुए कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य बहुआयामी है। एमपीएल के सीईओ जगमीत सिंह सिद्धू ने इसे मातृभूमि के लिए अनुपम उपहार बताया और पर्यावरण संरक्षण को जीवन की मूलभूत आवश्यकता करार दिया।

सेल के महाप्रबंधक (पर्यावरण) आदित्य सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी निरसा इन्द्र लाल ओहदार, आरएफओ धनबाद आर के सिंह, जेएफएस और एसीएफ धनबाद एके मंजुल ने कहा कि वन महोत्सव का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि समुदाय में पर्यावरण के प्रति दीर्घकालिक जिम्मेदारी और संवेदना विकसित करना है। उन्होंने वन प्रमंडल, एमपीएल और सेल की इस पहल को सराहनीय बताया।

सफल आयोजन में रहा सबका योगदान

मंच संचालन, स्वागत और धन्यवाद ज्ञापन एमपीएल के पीआरओ अजय कुमार ने किया।
मौके पर एमपीएल के सीएमओ सुभ्रा सुंदर चटर्जी, सीएमओ सर्विसेज डीके गंगवाल, हेड एचआर दैतरी स्वैन, दुर्गेश शर्मा, हेड लायजन संदीप खेडलवाल, अजय कुमार, अजीत सिंह, अमन सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, ग्रामीण और स्कूली बच्चे मौजूद रहे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....