बिहार में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा जारी है। यात्रा का आज 8वां दिन है। यात्रा शनिवार की शाम को पूर्णिया पहुंची थी और यहीं पर सभी नेताओं ने रात्रि विश्राम किया था। जिसके बाद रविवार सुबह यात्रा पूर्णिया से शुरू हुई। पूर्णियां में राहुल गांधी के बाइक से अपनी यात्रा करते दिखे। इस बीच खबर है कि राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा में प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी।

26 अगस्त को वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होंगी प्रियंका
राज्यसभा सांसद और कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव रंजीत रंजन ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि वोटर अधिकार यात्रा में राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी। प्रिंयका गांधी 26 अगस्त को मधुबनी में इस यात्रा में शामिल होंगी। उनके अलावा सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित इंडी अलायंस के अन्य बड़े नेता भी यात्रा में शामिल होंगे।
दो दिन के बिहार दौरे पर प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी 26 और 27 अगस्त को बिहार दौरे पर रहेंगी। प्रियंका के दो दिनों का दौरे में 26 अगस्त को वह सुपौल जिले में यात्रा करेंगी। उस दिन रात में विश्राम के बाद दूसरे दिन सीतामढ़ी का दौरा होगा और वह जानकी मंदिर में जाकर पूजा भी करेंगी। इन दो दिनों में वह बिहार की आधी आबादी महिला वोटरों को साधने का प्रयास करेंगी। माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी के दो दिनों के बिहार दौरे से वोटर अधिकार यात्रा में काफी बल मिलेगा।