डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में नवनियुक्त 50 सहायक आचार्यों को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए। ये सभी शिक्षक स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (गणित/विज्ञान, कक्षा 6 से 8) के पदों पर नियुक्त हुए हैं। कुल 55 पदों में से 5 शिक्षकों को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र दिए गए थे, जबकि बाकी 50 शिक्षकों को समाहरणालय सभागार में आयोजित समारोह में नियुक्ति पत्र बांटे गए।

उपायुक्त सत्यार्थी ने नवनियुक्त शिक्षकों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि शिक्षक समाज और सरकार की कार्यप्रणाली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने शिक्षकों से कहा कि वे बच्चों के भविष्य को सही दिशा देने का अतुलनीय कार्य करते हैं। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि प्रशासन की ओर से उन्हें हर संभव मदद मिलेगी। उन्होंने शिक्षकों को कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी से काम करने के लिए प्रेरित किया।

उप विकास आयुक्त पासवान ने इसे शिक्षकों के जीवन का एक नया अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस दौर में बच्चों की सोच में तेजी से बदलाव आ रहा है, इसलिए शिक्षकों को भी नए परिवेश के हिसाब से खुद को ढालना होगा। उन्होंने व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन में संतुलन बनाए रखते हुए बेहतर योगदान देने की सलाह दी।