मां काली के जयकारों से गूंजा आसनसोल-बाराबनी, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया भव्य पूजा पंडालों का उद्घाटन

Reena Sharma
2 Min Read

मां काली के जयकारों और ढाक की गूंज के बीच हुआ भव्य शुभारंभ, हजारों श्रद्धालुओं की रही उपस्थिति
आसनसोल: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार देर शाम आसनसोल एवं बाराबनी क्षेत्र के प्रमुख काली पूजा पंडालों का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला। मां काली के जयकारों और ढाक की पारंपरिक थाप के बीच मुख्यमंत्री ने फीता काटकर पूजा पंडालों का शुभारंभ किया।

कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद

इस मौके पर आसनसोल दक्षिण की विधायक एवं शहरी विकास और नगरपालिका मामलों तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल, कुल्टी के विधायक एवं लोक निर्माण तथा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार, पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी, रानीगंज के विधायक पार्थो घोष, दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण चंद्र घोरुई, बाराबनी विधायक अरिजीत रॉय सहित पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी एस. पन्नंबलम तथा आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

नूनी मोड़ और नकरासोटा के पूजा पंडालों का उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख पूजा पंडालों का उद्घाटन किया, उनमें बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के नूनी मोड़ स्थित काली पूजा पंडाल तथा आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के नकरासोटा स्थित पूजा पंडाल शामिल रहे।

पूजा समितियों ने गर्मजोशी से किया स्वागत

पूजा समितियों के सदस्यों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक एवं पूजा आयोजक मौजूद रहे। पूरे आयोजन में भक्तिमय माहौल और उत्साह देखने को मिला।

काली पूजा, दीपावली और छठ की दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री ने सभी को काली पूजा, दीपावली एवं छठ पूजा की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आसनसोल शिल्पांचल की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं पूरे पश्चिम बंगाल में अपनी विशिष्ट पहचान रखती हैं। उन्होंने पूजा समितियों एवं स्थानीय लोगों को पर्व को आपसी सद्भाव, उत्साह और उल्लास के साथ मनाने की शुभकामनाएं दीं।

Share This Article