पटना में आधी रात मुठभेड़ से मचा हड़कंप! थाना प्रभारी घायल, पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड के 3 आरोपी ढेर

Reena Sharma
3 Min Read

पटना। बिहार की राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। शेरपुर गंगा घाट पर हुई इस मुठभेड़ में पुलिस ने तीन वांटेड अपराधियों को मार गिराया। मारे गए आरोपियों में पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड का मुख्य आरोपी और उसके दो साथी शामिल हैं। इस दौरान मनेर थाना प्रभारी को भी गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में पुलिस की गतिविधियां तेज कर दी गई हैं।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी

जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दानापुर और मनेर के पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी अपने साथियों के साथ शेरपुर गंगा घाट के आसपास छिपे हुए हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए मौके पर पहुंची। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों की गोली से मनेर थानाध्यक्ष घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें तीनों अपराधी गोली लगने से मारे गए।

मुठभेड़ में थाना प्रभारी घायल

एनकाउंटर के बाद घटनास्थल पर पुलिस की अतिरिक्त टीम पहुंची। वहीं, एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुट गई है। पुलिस मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है।

तीनों अपराधियों का रहा है आपराधिक इतिहास

एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा के मुताबिक, मारे गए तीनों अपराधियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। हाल ही में मनेर में हुई वारदात में भी उनकी संलिप्तता सामने आई थी।

तीनों आरोपी उस हत्याकांड में वांटेड थे। इसके अलावा दानापुर और शाहपुर समेत अन्य थानों में भी उनके खिलाफ कई मामले दर्ज थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वारदात के बाद फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पहले भी मसौढ़ी में हुआ था एनकाउंटर

पटना जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले बीते जुलाई में मसौढ़ी में पुलिस और अपहरणकर्ता के बीच एनकाउंटर हुआ था। उस मुठभेड़ में भी एक अपराधी मारा गया था।

Share This Article