बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधा और उन पर बिहार में अशांति फैलाने और सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने का आरोप लगाया। यही नहीं, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव के जीएसटी में कटौती को लेकर दिए बयान पर तंज कसा। उन्होंने कहा है कि इन्हें जीएसटी समझ नहीं आ रहा। सोने के चम्मच लेकर पैदा हुए लोग इसे नहीं समझेंगे। इनकी मानसिकता गुंडाराज बढ़ाने की है।

विजय सिन्हा का लालू यादव पर हमला
बेगूसराय में मीडिया से बात करते हुए विजय कुमार सिन्हा ने कहा, जिन लोगों ने बिहारियों को पलायन के लिए मजबूर किया और बिहार को बर्बाद किया, वे अब अपने अंतिम पड़ाव पर हैं। पुत्रमोह में अंधे धृतराष्ट्र की तरह, वे एक बार फिर बिहार में अशांति फैलाने और राज्य को बर्बाद करने के लिए सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन अब बिहारवासी इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
विजय सिन्हा का तेजस्वी यादव पर तंज
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने तेजस्वी यादव के बयान पर कहा कि, सोने की चम्मच लेकर जन्म लेने वाले, अनुकंपा की राजनीति करने वाले जंगलराज के पाठशाला में पढ़कर अराजकता और गुंडाराज बढ़ाने की मानसिकता अब भारत और देश में नहीं चलेगी। इन्हें जीएसटी समझ नहीं आ रहा। प्रधानमंत्री महिलाओं, किसानों और गरीबों के उत्थान के लिए विकसित भारत के संकल्प को साकार कर रहे हैं। ये सोने के चम्मच लेकर पैदा हुए लोग इसे नहीं समझेंगे।