दुर्गापूजा को लेकर पुलिस-प्रशासन की संयुक्त तैयारी: अश्लील गानों पर रोक, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई, सुरक्षा के रहेंगें पुख्ता इंतजाम

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार जमशेदपुर में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में दुर्गापूजा व विजयादशमी पर्व के मौके पर विधि-व्यवस्था संधारण और अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने कहा कि जिले में दुर्गापूजा एवं विजयादशमी का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित व सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो, इसके लिए सभी विभागीय पदाधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक पूजा पंडाल का सत्यापन किया जाए।

मूर्ति विसर्जन के लिए निर्धारित तिथि व जुलूस मार्ग का भौतिक सत्यापन अनिवार्य है, घाटों पर पर्याप्त विद्युत व्यवस्था हो।नगर निकाय व जुस्को द्वारा साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था व कचरा निस्तारण की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सभी पंडालों में फर्स्ट एड बॉक्स, अग्निशमन यंत्र, सहायता केंद्र उपलब्ध हों। महिलाओं व पुरुषों के लिए पृथक प्रवेश व निकास द्वार की व्यवस्था हो। अस्थायी शौचालय, पेयजल व अन्य नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएं। सिविल सर्जन को निर्देशित किया गया कि पूरे शहर को कलस्टरवार चिन्हित कर भीड़-भाड़ वाले स्थलों के आसपास एम्बुलेंस तैनात रखें।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल, दंगा-निरोधक वाहन, वाटर कैनन व अन्य सुरक्षा उपकरण तैनात किये जायेंगे। भीड़ नियंत्रण के लिए फ्लैग मार्च, पेट्रोलिंग व मॉकड्रिल आयोजित होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अश्लील गीतों के प्रयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा, केवल धार्मिक व भक्ति गीत ही बजाए जाएं। अवैध शराब व नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी व आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article