बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले आरोप-प्रत्यारोप जारी है। नेताओं के एक-दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप के बीच महागठबंधन के नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। जिन नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, उनमें बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और राज्यसभा सांसद संजय यादव, राजद नेता ऋषि मिश्रा के अलावा कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी मस्कुर अहमद उस्मानी के नाम शामिल हैं। इनके खिलाफ दरभंगा के सिंहवाड़ा थाने में शिकायत की गई।

फॉर्म भरवाने के नाम पर ठगी का आरोप
सिंहवाड़ा नगर पंचायत के वार्ड संख्या सात की निवासी मिथिलेश भगत की पत्नी गुड़िया देवी ने सोमवार को थाने में शिकायत दर्ज कराई। गुड़िया देवी ने अपने आवेदन में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, राज्यसभा सांसद संजय यादव, पूर्व विधायक एवं राजद नेता ऋषि मिश्रा और कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी मस्कूर अहमद उस्मानी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप लगाया है कि “माई-बहिन मान योजना” के नाम पर गांव की महिलाओं से फॉर्म भरवाने और आर्थिक सहायता दिलाने का झांसा देकर दो-दो सौ की ठगी की गई।
प्रत्येक महिला से मांगे दो सौ रुपए
गुड़िया देवी का आरोप है कि ‘माई बहिन योजना’ के नाम पर उनके दरवाजे पर तीन-चार दिन पहले कुछ लोग पहुंचे। इन लोगों ने खुद को योजना से जुड़ा बताते हुए कहा कि इसके तहत महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए की सहायता दी जाएगी। उन्होंने मोहल्ले की अन्य महिलाओं को भी बुलाने को कहा। गुड़िया देवी ने जब सभी महिलाओं एकत्रित कर लिया तो उन लोगों ने फॉर्म भरवाया और प्रत्येक महिला से आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और दो सौ रुपए की मांग की।
राजनीतिक स्तर पर योजनाबद्ध तरीके धोखाधड़ी का आरोप
गुड़िया देवी के अनुसार, उन्होंने कई महिलाओं को इस योजना के तहत फार्म भरवाने के लिए प्रेरित भी किया। कुछ ही समय बाद जब उनके पति ने इस विषय पर जानकारी ली, तो शक हुआ और फिर पता चला कि यह एक संगठित ठगी का मामला था। गुड़िया देवी ने अपने आवेदन में कहा कि यह केवल एक छोटी ठगी नहीं, बल्कि राजनीतिक स्तर पर योजनाबद्ध तरीके से किया गया एक छलावा है, जिसका उद्देश्य आम जनता को गुमराह कर उनके साथ धोखाधड़ी करना था।
नेताओं के नाम पर ठगी का आरोप
गुड़िया देवी ने अपने आवेदन में स्पष्ट लिखा है कि इस पूरी ठगी को नेताओं के नाम पर अंजाम दिया जा रहा है, ताकि ग्रामीण महिलाओं को गुमराह कर उनसे वसूली की जा सके। थाना प्रभारी बसंत कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

