Bihar: पप्पू यादव को मिली जमानत, कब आएंगे जेल से बाहर ?

Reena Sharma
3 Min Read

पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को बड़ी राहत मिली है। सांसद पप्पू यादव को पटना के अलग-अलग थानों समेत पूर्णिया में दर्ज तीन मामलों में जमानत मिल गई है। अदालत से बेल मिलने के बाद अब उनके जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हो गया है। बता दें, पप्पू यादव को गर्दनीबाग केस में पहले ही राहत मिल चुकी थी।

तीन मामलों में जमानत

पप्पू यादव पर सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और धरना प्रदर्शन के मामले को लेकर केस किया गया था। बुद्धा कॉलोनी थाने में सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया था। वहीं कोतवाली थाने के 2 मामले एक 2017 और 2019 के मामले में थे, जो धरना प्रदर्शन से जुड़े थे। इन मामलों को लेकर पप्पू यादव न्यायिक हिरासत में थे और उनकी जमानत याचिकाओं पर सुनवाई चल रही थी। शुक्रवार को अदालत ने तीनों मामलों में उन्हें राहत देते हुए जमानत मंजूर कर ली।

Advertisement

समर्थकों में खुशी की लहर

जमानत मिलने के बाद सांसद पप्पू यादव की टीम की ओर से उनके एक्स हैंडल पर लिखा गया, “सत्यमेव जयते! सभी मुकदमों में जमानत हो गई है, सांसद पप्पू यादव जी शीघ्र आजाद होंगे। वह न्याय इंसाफ के लिए सदैव लड़ेंगे, नाइंसाफी-अन्याय को बर्दाश्त न किया है, न वह करेंगे!”

जमानत मिलने मे हुई देरी

सांसद पप्पू यादव को जमानत और पहले भी मिल सकती थी, लेकिन इस बीच कई बार पटना सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी के चलते न्यायालय का कामकाज ठप हो जा रहा था। इसको लेकर सांसद पप्पू यादव की ओर से सवाल भी उठाया जाता रहा।

7 फरवरी को गिरफ्तार हुए थे

पप्पू यादव को 7 फरवरी को पटना के मंदिरी आवास से गिरफ्तार किया गया था। उन्हें पटना पुलिस ने 1995 के एक मामले में पप्पू यादव को गिरफ्तार किया था। 6 दिनों तक बेऊर जेल में रहने के बाद, कोर्ट ने उन्हें बुद्धा कॉलोनी और कोतवाली थाने के मामलों में जमानत दे दी है। इस कानूनी जीत के बाद अब उनके जेल से बाहर आने का रास्ता साफ हो गया है। रिहाई की खबर मिलते ही समर्थकों में भारी उत्साह है और पटना से पूर्णिया तक जश्न का माहौल बना हुआ है।

Share This Article