बेटियों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल: स्कूल जा रही छात्राओं को ब्लेड से किया जख्मी, फरार बदमाशों पर पुलिस सख्त

Reena Sharma
2 Min Read

मुजफ्फरपुर के बरूराज थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही दो छात्राओं पर बाइक सवार बदमाशों ने ब्लेड से हमला कर दिया। दोनों छात्राएं लहूलुहान हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पीछे से आए बदमाशों ने किया हमला

मनोहर छपरा-छत्रपट्टी के बीच चोरबन पुलिया के पास दोनों छात्राएं साइकिल से परीक्षा देने जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने दोनों पर ब्लेड से हमला कर दिया।

गर्दन, पीठ और हाथ पर चोट

हमले में एक छात्रा की गर्दन और पीठ, जबकि दूसरी के हाथ में चोट लगी है। दोनों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

Advertisement

सीसीटीवी से पहचान में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बरूराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान में जुटी है।

गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

छात्राओं ने पुलिस को बताया कि वे मनोहर छपरा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में इंटर की टेस्ट परीक्षा देने जा रही थीं। एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद छात्राओं और उनके परिजनों में दहशत है।

Share This Article