पटना। बिहार में 25 से 27 सितंबर तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवा, गरज-चमक और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की है। इस दौरान तापमान में भी गिरावट हो सकती है।
25 सितंबर को इन जिलों में बारिश
25 सितंबर को पूरे बिहार में येलो अलर्ट रहेगा। 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की चेतावनी है। पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर और गोपालगंज में भारी बारिश हो सकती है।
26 सितंबर को तेज बारिश का अनुमान
26 सितंबर को पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में भारी बारिश की चेतावनी है। कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
27 सितंबर को भी अलर्ट
27 सितंबर को पूर्वी चंपारण और पश्चिम चंपारण में भारी बारिश का अनुमान है। सीतामढ़ी, शिवहर, गोपालगंज, सीवान, औरंगाबाद, भोजपुर, बक्सर, दरभंगा, मधुबनी, कैमूर और समस्तीपुर समेत कई जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम वजह
मौसम में बदलाव की वजह बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन को बताया गया है। इसके प्रभाव से बिहार समेत पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हुआ है।
तापमान में गिरावट के आसार
लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण अगले कुछ दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मौसम विभाग ने किसानों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी है।
खराब मौसम में सावधानी जरूरी
आंधी और वज्रपात के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों से भी खराब मौसम के दौरान खुले में काम नहीं करने की अपील की गई है।

