जन सुराज पार्टी के संयोजक प्रशांत किशोर ने साफ शब्दों में कहा है कि उनकी चिराग पासवान या किसी नेता के साथ गठबंधन नहीं कर रहे हैं। प्रशांत किशोर ने कहा कि उनकी पार्टी का गठबंधन बिहार की जनता के साथ है। जनसुराज किसी दल या नेता के साथ कोई गठबंधन नहीं करने जा रहा है। हालांकि, इसी कड़ी में जन सुराज ने चिराग पासवान को बड़ा ऑफर दिया है।

जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बड़ा ऑफर दिया। पत्रकारों ने सवाल किया कि चिराग पासवान आते हैं तो क्या आप स्वागत करेंगे? इस पर कहा, अगर हम लोगों ने अपनी रणनीति को बिल्कुल स्पष्ट नहीं कर दिया होता तब मैं कोई उत्तर दे पाता। मान लीजिए हम लोग चिराग पासवान के साथ कुछ करना भी चाहते हैं तो क्या कर सकते हैं? हम तो 243 सीटों पर अपनों को ही लड़ाएंगे। हां, चिराग पासवान जी को न्योता है कि वो अपनी पार्टी का हम लोगों के साथ विलय कर दें, तो ठीक है।
वो प्रतिष्ठा और सम्मान मिलेगा जो एनडीए में भी नहीं- उदय सिंह
यही नहीं, उदय सिंह ने एक कदम आगे बढ़ कर ये भी भरपोसा दिलाया कि जो प्रतिष्ठा और सम्मान चिराग पासवान को जन सुराज में मिलेगा वो केंद्रीय मंत्री रहते भारतीय जनता पार्टी के साथ कभी नहीं मिल सकता। उन्होंने कहा, केंद्रीय मंत्री भी वो क्यों न रहें, जो खुशी उन्हें यहां (जन सुराज पार्टी) रह कर महसूस होगी, वो वहां नहीं मिलेगी।
पीके ने गठबंधन की चर्चा को किया खारिज
इससे पहले चिराग पासवान के साथ गठबंधन की बात मीडिया में आने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए प्रशांत किशोर ने इसे अफवाह बताया। प्रशांत किशोर ने कहा, बिहार को लूटने के लिए लड़ाई चल रही है। यह सीटों की लड़ाई नहीं है। हर पार्टी अधिक सीटें हासिल करना चाहती है, ताकि वे भविष्य में बिहार को और अधिक लूट सकें। हमारा कोई गठबंधन नहीं है। हमारा गठबंधन जनता के साथ है। प्रशांत किशोर ने इस बात को सिरे से खारिज कर दिया कि वो लोजपा या हम जैसी पार्टियों के साथ गठबंधन की किसी संभावना पर विचार कर रहे हैं।
एक दूसरे पर बोलने से बचते रहे हैं पीके और चिराग
बता दें कि प्रशांत किशोर और चिराग पासवान पहले से भी एक दूसरे पर सीधा हमला बोलने से बचते रहे हैं। दोनों की पार्टियों के प्रवक्ता भी काफी समय तक एक दूसरे के बारे में बोलने से परहेज करते रहे, न अच्छे बोल तो न ही बुरे बोल। लेकिन जैसे ही एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर चिराग की नाराजगी की खबर आई, जन सुराज पार्टी ने चिराग पासवान के पाले में ऑफर वाली गेंद फेंक दी।