गुमला। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर तथा अधीक्षक, उत्पाद गुमला के पर्यवेक्षण में गुरुवार को विशेष उत्पाद तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान घाघरा थाना क्षेत्र के बेलगाढा, अरांगी, ग्रेनिया गांवों और सिसई थाना क्षेत्र के सिसई हाट बाजार में उत्पाद विभाग की टीम ने सघन जांच की।
अवैध शराब और जावा महुआ बरामद
अभियान के दौरान टीम ने करीब 38 लीटर अवैध चुलाई महुआ शराब और लगभग 60 किलोग्राम तैयार जावा महुआ बरामद किया। बरामद जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, ताकि इसका दोबारा उपयोग न किया जा सके।
चार लोगों से वसूला गया संधान शुल्क
जांच के दौरान अत्यल्प मात्रा में अवैध शराब निर्माण पाए जाने पर चार व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद उनसे संधान शुल्क वसूलकर मुक्त कर दिया गया। वहीं, सिसई हाट बाजार से जब्त शराब के मामले में अज्ञात अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी की गई है।
उत्पाद विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा
इस छापामारी अभियान का नेतृत्व अवर निरीक्षक उत्पाद प्रदीप करमाली ने किया। टीम में उत्पाद सिपाही विकास कुमार निराला, गृह रक्षा वाहिनी के सशस्त्र जवान और अन्य कर्मी शामिल थे। अभियान के दौरान सभी ने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया।
प्रशासन का सख्त संदेश
गुमला जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी सूरत में इस अवैध गतिविधि को बख्शा नहीं जाएगा।