दुर्गापुर मेडिकल कॉलेज छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में स्वास्थ्य विभाग ने मांगी रिपोर्ट

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने दुर्गापुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज की छात्रा से हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना पर कॉलेज प्रबंधन से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। विभाग ने घटना कब और कैसे हुई, इसका पूरा ब्यौरा देने को कहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता शुक्रवार रात को अपने एक मित्र के साथ बाहर खाना खाने गई थी। रास्ते में दो-तीन युवकों ने उन्हें रोका और छात्रा को जबरन उठाकर सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस मामले में पीड़िता के मित्र की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।

इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना को लेकर राज्य में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं।

राज्य की महिला व बाल कल्याण मंत्री डा. शशि पांजा ने घटना को लेकर भाजपा पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि किसी एक घटना को लेकर प्रश्न करने के बजाय, देशभर में हो रहीं ऐसी सभी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं पर ध्यान दिया जाना चाहिए। डा. पांजा ने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार ने जांच शुरू कर दी है और पीड़िता के माता-पिता ने भी पुलिस पर भरोसा जताया है।

दूसरी ओर भाजपा ने ममता सरकार पर कड़ा निशाना साधा है। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा कि यह घटना साबित करती है कि बंगाल में महिलाएं असुरक्षित हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के शासन को ‘विफल और अराजक’ बताते हुए कहा कि बंगाल ‘दुष्कर्मियों व अपराधियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह’ बन गया है। भाजपा आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने भी तृणमूल सरकार को जवाबदेह ठहराने की मांग की है।

Share This Article