प्रभातम मॉल के सामने करोड़ों की सरकारी जमीन पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 59 डिसमिल भूमि करायी अतिक्रमण मुक्त

Reena Sharma
3 Min Read

धनबाद। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देशानुसार गोविंदपुर अंचल अंतर्गत सुसनीलेवा मौजा में अनाबाद बिहार सरकार की करोड़ों रुपये मूल्य की 59 डिसमिल जमीन से शनिवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाया। अंचल अधिकारी यशवंत कुमार सिन्हा एवं प्रभारी अंचल निरीक्षक नेहा सिंह के नेतृत्व में जेसीबी से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इसके बाद उक्त जमीन पर झारखंड सरकार का बोर्ड लगाया गया। प्रशासन ने चेतावनी दी कि सरकारी जमीन पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सरकारी जमीन पर कब्जे की मिली थी सूचना

सुसनीलेवा मौजा के खाता संख्या 140, प्लॉट संख्या 1612, रकबा 59 डिसमिल जमीन अनाबाद बिहार सरकार के नाम से दर्ज है। उक्त जमीन पर कब्जा करने की नीयत से कुछ लोगों द्वारा बाउंड्री निर्माण किए जाने की सूचना 18 नवंबर को राजस्व उप निरीक्षक को मिली थी। सूचना के बाद राजस्व विभाग की ओर से मामले की जांच की गई। जांच में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की बात सामने आने पर अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया गया।

दूसरे प्लॉट के कागजात से कब्जे का प्रयास

नोटिस के बावजूद संबंधित लोग जमीन के स्वामित्व से जुड़े कोई प्रामाणिक एवं वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। बताया गया कि अतिक्रमण करने वालों के पास दूसरे प्लॉट की जमीन का 87 तरमीम संबंधी कागजात था, जिसके आधार पर प्लॉट संख्या 1612 की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। राजस्व विभाग की जांच में उक्त कागजात संबंधित जमीन के वैध स्वामित्व का प्रमाण नहीं पाया गया।

जेसीबी लेकर पहुंचा प्रशासन, अतिक्रमणकारी मौके से फरार

इसके बाद शनिवार को अंचल अधिकारी एवं प्रभारी अंचल निरीक्षक जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक कार्रवाई की भनक लगते ही अतिक्रमण करने वाले लोग मौके से भाग खड़े हुए। इसके बाद जेसीबी से जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया और सरकारी भूमि की पहचान सुनिश्चित करने के लिए बोर्ड लगा दिया गया।

दोबारा कब्जा करने पर दर्ज होगी प्राथमिकी

प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा, निर्माण या घेराबंदी दोबारा करने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उक्त जमीन गोविंदपुर अंचल के प्रभातम मॉल के सामने स्थित है। इसके बाजार मूल्य को देखते हुए जमीन पर कब्जे के प्रयास को गंभीरता से लिया गया। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाया गया है।

Share This Article