देवघर में स्वच्छता अभियान को लेकर डीसी का सख्त निर्देश, हर पंचायत में शौचालय और कचरा प्रबंधन पर रहेगा फोकस

Reena Sharma
3 Min Read

देवघर। गांवों में स्वच्छता की व्यवस्था केवल योजनाओं के निर्माण से नहीं, बल्कि उनके नियमित उपयोग और बेहतर रखरखाव से सुनिश्चित होगी। शौचालयों का शत-प्रतिशत उपयोग हो, कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित किया जाये और पंचायत स्तर पर ठोस व तरल कचरा प्रबंधन की व्यवस्था मजबूत बने। डीसी सौरभ कुमार भुवानिया ने आर मित्रा उच्च विद्यालय सभागार में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की कार्यशाला में यह निर्देश दिया।

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत आयोजित कार्यशाला में 16वें वित्त आयोग की राशि से जल एवं स्वच्छता योजनाओं में अभिसरण और ‘स्वच्छ शौचालय, गरिमामय भविष्य 2026’ अभियान के क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। डीसी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया।

स्वच्छता को बताया गरिमामय जीवन का आधार

डीसी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, आत्मसम्मान और गरिमामय जीवन का आधार है। 19 नवंबर से 10 दिसंबर तक चलने वाले अभियान में व्यक्तिगत व सामुदायिक शौचालयों का शत-प्रतिशत उपयोग, नियमित सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करना है।

उन्होंने मुखिया, बीडीओ, पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को 16वें वित्त आयोग की राशि का जल एवं स्वच्छता योजनाओं में समुचित अभिसरण करने का निर्देश दिया, ताकि गांवों में पेयजल आपूर्ति और कचरा प्रबंधन की व्यवस्था सुदृढ़ हो सके।

पंचायत स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन पर जोर

डीडीसी पीयूष सिन्हा ने पंचायत स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने सामुदायिक शौचालयों के जीर्णोद्धार, जलापूर्ति और सोख्ता गड्ढों के निर्माण को प्राथमिकता देने की बात कही। जलसहियाओं व स्वयं सहायता समूह की दीदियों से घर-घर जाकर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कचरे का स्रोत पर पृथक्करण करने का निर्देश

नगर आयुक्त सुलोचना मीणा ने सूखा, गीला, सैनिटरी एवं विशेष देखभाल कचरे को स्रोत पर अलग करने और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर कचरा संग्रहण व निस्तारण प्रणाली विकसित करने पर जोर दिया।

सभी पंचायतों में चलेगा जागरूकता अभियान

10 दिसंबर तक जिले की सभी पंचायतों में स्वच्छता जागरूकता रैली, सामुदायिक स्वच्छता परिसरों की मरम्मत, सौंदर्यीकरण और कचरा पृथक्करण को लेकर अभियान चलाया जायेगा। कार्यशाला में जिला पंचायती राज पदाधिकारी रणबीर सिंह, राज्य स्तरीय प्रशिक्षक, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल देवघर व मधुपुर के कार्यपालक अभियंता, बीडीओ, मुखिया, पंचायत प्रतिनिधि, जलसहियाएं एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मी मौजूद थे। अंत में सभी को स्वच्छता की शपथ दिलायी गयी।

Share This Article