बाघमारा। धनबाद जिले के बाघमारा में मांदरा पंचायत की मुखिया ललिता देवी के पति शंकर बेलदार को गोली मारने के मामले में फरार आरोपी शेख मिराज उर्फ मिराज आलम उर्फ मिराज खान की मुश्किलें बढ़ गई हैं। शुक्रवार को बाघमारा थाना प्रभारी अजीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम रथटांड स्थित आरोपी के आवास पर पहुंची। यहां ढोल-नगाड़े बजवाकर और लाउडस्पीकर के जरिए मुनादी कराते हुए न्यायालय का इश्तेहार चिपकाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में चर्चा तेज हो गई है।
ढोल-नगाड़े के साथ घर पहुंची पुलिस, चिपकाया न्यायालय का इश्तेहार
बाघमारा थाना पुलिस ने फरार आरोपी के घर पहुंचकर सार्वजनिक रूप से न्यायालय के इश्तेहार की मुनादी कराई। ढोल-नगाड़े बजवाने के साथ लाउडस्पीकर के माध्यम से आरोपी को कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी गई। पुलिस ने उसके आवास पर न्यायालय का इश्तेहार चिपकाकर निर्धारित समय के भीतर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी।
आत्मसमर्पण नहीं किया तो होगी कुर्की-जब्ती
थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि आरोपी को निर्धारित समय के भीतर न्यायालय या थाने में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया गया है। यदि वह तय समय में आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो न्यायालय के अगले आदेश के बाद उसके घर की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।
25 अगस्त 2025 को मुखिया पति को मारी गई थी गोली
गौरतलब है कि 25 अगस्त 2025 की देर शाम मांदरा पंचायत की मुखिया ललिता देवी के पति शंकर बेलदार पर चार लोगों ने गोलीबारी की थी। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही थी।
तीन आरोपी जेल में, एक अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर
इस मामले में पुलिस तीन अन्य नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि शेख मिराज अब तक फरार है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ अब पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई की है। निर्धारित समय में आत्मसमर्पण नहीं करने पर कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

