Bihar: बिहार महागठबंधन में खींचतान! सीट शेयरिंग के बिना 243 सीटों पर 254 प्रत्याशी उतारे, अपनों के बीच लड़ाई

Neelam
By Neelam
5 Min Read

बिहार विधानसभा चुनावों के लिए महागठबंधन ने अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। हालांकि, इन चुनावों के लिए महागठबंधन के सहयोगी दलों के बीच सहमति नहीं बन पाई है। कई दिनों की खींचतान और दावों के बावजूद विपक्षी दल सीटों के बंटवारे का फ़ैसला नहीं कर पाए। यही वजह है कि गठबंधन के उम्मीदवारों के नाम की कोई साझा या औपचारिक घोषणा नहीं हुई। इस बीच महागठबंधन दलों की तरफ से 243 सीटों पर 254 प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं।

महागठबंधन सीट बंटवारे की घोषणा के बिना मैदान में

बिहार चुनाव में ऐसा पहली बार हुआ कि महागठबंधन ने टिकट बंटवारे को लेकर कोई ज्वाइंट प्रेस कॉन्फेंस नहीं की। सभी दल नॉमिनेशन के आखिरी समय तक लिस्ट जारी करते रहे। कह सकते हैं कि इस चुनाव में महागठबंधन सीट बंटवारे की घोषणा किए बिना ही चुनावी मैदान में है। सभी दलों ने अपने प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी। राजद ने 143, कांग्रेस ने 60, भाकपा माले ने 20, वीआईपी ने 15, सीपीआई ने नौ, सीपीएम ने चार और आईआईपी ने तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। यानी कुल मिलाकर 254 सीट। 

सबसे ज्यादा सीटों पर लड़ रही आरजेडी

इस बार भी आरजेडी सबसे ज्यादा सीटों पर लड़ रही है। कांग्रेस को पिछली बार मिली 66 में से सिर्फ 19 सीटें मिली थीं। इसलिए इस बार उन्हें 61 पर सीमित कर दिया गया। सीपीआई(एमएल) ने पिछली बार शानदार प्रदर्शन किया (19 में से 12 सीटें), इस बार 20 सीटें मिलीं। विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) ने 15 सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान किया है, उनमें से 2 सीटें ऐसी हैं, जिन पर आरजेडी ने भी अपने प्रत्याशी उतारे हैं।

इन सीटों पर एक-दूसरे को चुनौती देंगे
कहलगांव विधानसभा सीट
-यहां राजद और कांग्रेस के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। राजद की ओर से रजनीश यादव ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया है। वहीं कांग्रेस की ओर से प्रवीण कुशवाहा ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया है। 

तारापुर विधानसभा सीट– यहां पर राजद और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रत्याशी आमने सामने हैं। राजद से अरुण शाह और वीआईपी की ओर से सकलदेव सिंह ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया है। 

बछवाड़ा विधानसभा सीट– यहां पर कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। कांग्रेस से प्रकाश दास और सीपीआई से अवधेश कुमार राय आमने-सामने होंगे।

बिहारशरीफ विधानसभा सीट– यहां पर भी कांग्रेस और सीपीआई के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। कांग्रेस से उमैर खान और सीपीआई के शिव प्रसाद यादव ने नामांकन किया है। 

राजपाकर विधानसभा सीट– यहां से कांग्रेस से प्रतिमा कुमारी और सीपीआई से मोहित पासवाान आमने-सामने हैं।

वैशाली विधानसभा सीट– यहां राजद और कांग्रेस के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। राजद से अजय कुशवाहा ने नामांकन किया है। वहीं कांग्रेस से ई.संजीव सिंह ने नामांकन किया है। 

बाबूबरही विधानसभा सीट– यहां पर राजद और वीआईपी के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। राजद से अरुण कुशवाहा के सामने वीआईपी के बिंदु गुलाब यादव हैं। 

नरकटियागंज विधानसभा सीट- यहां पर कांग्रेस और राजद के बीच मुकाबला है। कांग्रेस से दीपक यादव और राजद से शाश्वत केदार पांडेय एक-दूसरे के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं।

चैनपुर विधानसभा सीट- यहां पर राजद और वीआईपी के बीच मुकाबला है। राजद ने ब्रज किशोर बिंद को टिकट दिया है। वहीं वीआईपी ने बालगोविंद बिंद को चुनावी मैदान में उतारा है। 

बेलदौर विधानसभा सीट– यहां पर कांग्रेस और आईपी गुप्ता की इंडियन इंक्लूसिव पार्टी के बीच मुकाबला है। कांग्रेस ने मिथिलेश निषाद को टिकट दिया है। वहीं आईआईपी ने अनीष चौहान को उम्मीदवार बनाया है। 

करगहर विधानसभा सीट– यहां पर कांग्रेस और सीपीआई के बीच मुकाबला है। कांग्रेस ने संतोष मिश्रा को टिकट दिया है। वहीं सीपीआई ने महेंद्र प्रसाद गुप्ता मैदान में उतारा है।

Share This Article