डिजिटल डेस्क/ कोलकाता : इंडियन इंस्टीच्यूट आफ टेक्नोलाजी खड़गपुर के कैंपस में हाल ही में हुई एक झड़प की घटना में प्रबंधन ने सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। इस घटना के बाद तीन छात्रों को निष्कासित कर दिया गया है, जबकि चार अन्य को एक सेमेस्टर के लिए निलंबित किया गया है।
झड़प लाल बहादुर शास्त्री हाल नामक छात्रावास में छात्रों के दो गुटों के बीच हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों के कई छात्र घायल हो गए थे। मामले की जांच के लिए गठित कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर आइआइटी प्रबंधन ने यह फैसला लिया है।
आइआइटी खड़गपुर के इतिहास में यह पहली बार है जब छात्रों के खिलाफ इतनी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है, जिसमें निष्कासन भी शामिल है। हालांकि, अधिकारी ने बताया कि सजा पाए हुए छात्र निदेशक के पास आवेदन कर सजा कम कराने की गुजारिश कर सकते हैं, जिस पर विचार किया जाएगा।
गौरतलब है कि आइआइटी खड़गपुर कैंपस पिछले कुछ समय से गलत कारणों से सुर्खियों में रहा है, जहां इस वर्ष कई छात्रों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले सामने आए हैं।

