धनबाद, 04 नवंबर 2025 — मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र ने मंगलवार को बरमसिया ओवरब्रिज पर प्रारंभ हुए मरम्मत कार्यों का निरीक्षण एवं अवलोकन किया। बरमसिया ओवरब्रिज धनबाद मंडल का एक अत्यंत महत्वपूर्ण सेतु है, जो शहर के सुचारू आवागमन और यातायात व्यवस्था में अहम भूमिका निभाता है।
पुल की संरचनात्मक मजबूती, दीर्घकालिक सुरक्षा और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मरम्मत कार्य शुरू किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान अखिलेश मिश्र ने स्थल पर मौजूद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से मरम्मत कार्य की प्रगति, तकनीकी सुरक्षा मानकों और कार्य की समय-सीमा के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए तथा तय अवधि में कार्य पूरा करने पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान मंडल के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

